न्यूज पोर्टल के संपादक को मिली धमकी

आज़ाद न्यूज़ या इसके किसी भी व्यक्ति के खिलाफ ख़बर करोगे तो जान से जाओगे. यह धमकी पिछले कुछ दिनों से लगातार मीडियाख़बर.कॉम पोर्टल के संपादक को मिल रही है.

 

धमकी फ़ोन से दी जा रही है. यह फ़ोन बार-बार आ रहा है. फ़ोन के नंबर हैं - 011203140856 और 011204262205). फ़ोन के जरिये धमकाया जा रहा है कि कमलकांत गौरी (इनपुट हेड), रवींद्र शाह (आउटपुट हेड), नवीन सिन्हा (पॉलिटिकल एडिटर) या हिंदी समाचार चैनल आज़ाद न्यूज़ के खिलाफ कुछ भी लिखा तो अच्छा नहीं होगा. अंजाम बुरा होगा, कुछ भी हो सकता है.

पोर्टल पर आज़ाद न्यूज से संबंधित कुछ स्टोरीज प्रकाशित की गयी थीं. इस पर आज़ाद न्यूज़ के इनपुट हेड कमलकांत गौरी, आउटपुट हेड रवींद्र शाह और पॉलिटिकल एडिटर नवीन सिन्हा ने मीडिया खबर.कॉम को मेल के जरिये नोटिस भेजा था. फिर पोर्टल के एडिटर को डराने और धमकाने की कोशिशें शुरू हुई. एडिटर पुष्कर पुष्प के मुताबिक घर पर गुंडे भेजे गए. नोटिस मिला है की नहीं, यह पूछने के लिए कई लोगों को भेजा गया. यह लोग सफ़ेद रंग की कार से आये. इनका मकसद नोटिस के बारे में पूछना नहीं बल्कि टोह लेना था. कई संदिग्ध लोगों का आना-जाना जारी रहा. इसी के बाद पांडव नगर थाने में शिकायत दर्ज करवायी गई.

पुष्कर पुष्प का कहना है कि फोन करके मुझसे कहा गया कि तुम्हारा घर देख लिया है. अब बाहर निकलो तो बताते हैं. बहुत रिपोर्ट लिखते हो. वेबसाइट बंद करवा देंगे. अभी तो नोटिस ही भेजा है. अब घर में घुस कर मारेंगे. तब अपनी रिपोर्ट बनाकर साईट पर लगाना. फिर भद्दी गालियों की बौछार की गयी. इससे भी मन नहीं भरा तो उठवा लेने की धमकी दी गई.

पुष्कर ने कहा कि ऐसी किसी भी धमकी के आगे हम लोग नहीं झुकने वाले हैं. यह वर्चुअल स्पेस पर हमला है. नयी मीडिया से जुड़े लोगों के प्रति एक खतरनाक प्रवृति की शुरुआत है. मीडिया वेबसाईट को कुचलने की साजिश है और इसका प्रतिरोध जरूरी है. मीडिया से जुड़ी तमाम वेबसाइटों पर सभी पक्षों को समान रूप से जगह दी जाती है. यह खुला मंच है. यदि आप किसी वेबसाईट की रिपोर्ट से इत्तफाक नहीं रखते तो कलम के जरिए विरोध कीजिये. प्रतिकार का यह कैसा तरीका है?